सलूणी (चंबा)। चंबा-चखोतर मार्ग पर मंगलवार शाम को चंबा से चखोतर जा रही सरकारी बस ब्याणा मोड़ के पास अचानक खराब हो गई। इससे बस में सफर कर रहीं दो दर्जन सवारियों को रात के अंधेरे में एक घंटा सड़क किनारे ही इंतजार करना पड़ा।
मंगलवार शाम 7:00 बजे बस तकीनीकी खराबी आने से बीच सड़क में ही हांफ गई। ब्याणा से चखोतर जाने के लिए सवारियों को 35 किलोमीटर का सफर तय करना बाकी था। इसके चलते सवारियां पैदल इतनी लंबी दूरी अंधेरे में तय करने को लेकर परेशान थीं। चालक-परिचालक ने बस खराब होने की सूचना अपने उच्चाधिकारी को दी। इसके बाद सुरंगानी से दूसरी सरकारी बस को भेजा गया जो रात 8:00 बजे ब्याणा पहुंची। तब तक एक घंटा सवारियों को सड़क किनारे बैठकर दूसरी बस के आने का इंतजार करना पड़ा। इसमें कई लोग ऐसे थे कि जिनके बच्चे घर पर अकेले थे और अपने माता-पिता के आने का इंतजार कर रहे थे। बस खराब होने के कारण ये लोग समय पर अपने घर नहीं पहुंच पाए। चेत राम, सुनील कुमार, सोभिया राम, मनोज कुमार और राकेश कुमार ने बताया कि जिले के रूटों में बसों के खराब होने का सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन किसी न किसी रूट पर सरकारी बस खराब हो जाती है। चंबा डिपो में पुरानी बसों की भरमार हो चुकी है। ऐसे में रूटों पर जाने वाली बसें बीच रास्ते में हांफ रही हैं। इसलिए सरकार और प्रबंधन को समय रहते पुरानी बसों को बदलकर नई बसों की व्यवस्था करनी चाहिए। क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल कुमार ने बताया कि बस में तकनीकी खराब आने से खराब हुई थी। सवारियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस भेज दी गई थी।