भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर की बडग्रांम पंचायत में बिजली की आंखमिचौनी से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। लोगों का कहना कि एक माह में 10 से 15 दिन ही बिजली की आपूर्ति हो रही है। इसकी वजह से लोगों को अंधेरे में ही रहना पड़ रहा है। समस्या के बारे में बिजली बोर्ड को अवगत करवाने के बावजूद इसका समाधान नहीं किया जा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को हो रही है। बिजली नहीं होने पर बच्चे कंप्यूटर और लैपटॉप पर पढ़ाई नहीं कर पाते हैं। किताबें पढ़ने के लिए भी उन्हें दीये का सहारा लेना पड़ रहा है।
रामपाल वर्मा, अनिल जरियाल, अक्षय, मनोज, दिनेश, अभिषेक और सूरज ने बताया कि बिजली की आंखमिचौनी के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण उन्हें कई दिन तक अंधेरे में सर्द रातें काटनी पड़ीं और अब गर्मियां शुरू होते ही बिजली बोर्ड की लचर व्यवस्था से उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता विक्रम शर्मा ने बताया कि तूफान और सड़क निर्माण के कार्य की वजह से लाइनें बार-बार टूट रही हैं। ठेकेदार को चेतावनी दी गई है कि दोबारा लाइन टूटने पर उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।