डलहौजी (चंबा)। डलहौजी में खोडघोट क्षेत्र के तलाई के पास बादल फटने से भारी तबाही मच गई। देखते ही देखते पानी और मिट्टी का सैलाब गांव की ओर बढ़ा और एक जंजघर व वर्षा शालिका को भवनों को पूरी तरह बहा ले गया।
हादसे के समय तीन लोग वर्षा शालिका के पास मौजूद थे, लेकिन पहाड़ से आती जोरदार आवाज सुनते ही वे समय रहते वहां से भाग निकले। इससे उनकी जान बच गई, लेकिन उनकी आंखों के सामने ही भवन मलबे के साथ बह गया।
घटना इतनी भीषण थी कि देवदार के पेड़ भी जड़ों समेत उखड़कर सड़क तक आ पहुंचे। गुनियाला गांव में खेत और खड़े वाहन पानी व मिट्टी की चपेट में आ गए। हालांकि, सौभाग्य से गांव का कोई व्यक्ति इस सैलाब की चपेट में नहीं आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस जगह पर यह हादसा हुआ, वहां जंगल में एक छोटा सा नाला बहता था, लेकिन बादल फटने के बाद अचानक वहां पानी का रौद्र रूप देखकर गांव वालों के होश उड़ गए।
उधर, एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने बताया कि गांधी चौक से करीब छह किलोमीटर दूर तलाई के पास बादल फटने से नुकसान हुआ है। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि दर्ज नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से लोगों को लगातार सतर्क रहने और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।