चंबा (चंबा)। जिले के समस्त खंड विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर बीपीएल सूची की समीक्षा को लेकर उपायुक्त डीसी राणा ने आदेश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि खंड विकास अधिकारी सुनिश्चित बनाएंगे कि अप्रैल में होने वाली प्रथम ग्रामसभा की बैठक के माध्यम से चयनित किए गए बीपीएल परिवारों की समीक्षा कर अपात्र परिवारों को हटाकर पात्र लोगों को सूची में जोड़ा जाए।
साथ ही खंड विकास अधिकारी ग्राम सभा की निर्धारित बैठक से पहले प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर तीन सदस्यीय कमेटी का गठन करेंगे। कमेटी में संबंधित पंचायत सचिव, राजस्व विभाग का प्रतिनिधि या पटवारी और खंड विकास अधिकारी की ओर से एक स्थानीय सरकारी कर्मचारी सदस्य के रूप में नामित होगा। कमेटी सरकार की ओर से निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्यवाही कर बीपीएल सूची में दर्ज परिवारों, प्राप्त आवेदनों, आपत्ति से संबंधित आवेदनों की छानबीन कर सभी पात्र परिवारों की प्राथमिक सूची तैयार कर ग्रामसभा की बैठक में प्रस्तुत करेगी।
ग्राम सभा की निर्धारित बैठक से सात दिन पहले बीपीएल सूची की समीक्षा किए जाने को लेकर ग्राम पंचायत की ओर से सूचना जारी की जाएगी। इतना ही नहीं, इसे आम जनमानस की जानकारी के लिए पंचायत भवन के नोटिस बोर्ड पर लगाने के साथ वार्ड मेंबरों के माध्यम से पंचायत के समस्त परिवारों तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाया जाएगा। बीपीएल सूची में चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय या पंचायत सचिव कार्यालय और ग्रामीण विकास विभाग की वेबसाइट एचटीटीपीएस रूलर डॉट एचपी डॉट काम डॉट इन पर लाॅगिन किया जा सकता है।