चुराह (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र चुराह के भंजराडू छिंज मैदान से एसडीएम कार्यालय तक बीपीएल के लिए नए मापदंडों के विरोध में भाजपा ने बुधवार को आक्रोश रैली निकाली। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम चुराह के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। इस दौरान विधायक डॉ. हंसराज ने कहा कि बीपीएल सूची में की गई भारी कटौती गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग के साथ खुला अन्याय है। मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार नहीं मिला, लेकिन इस आधार पर गरीब परिवारों को बीपीएल सूची से बाहर किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है।
ज्ञापन में मांग की गई कि बीपीएल सर्वे को तत्काल प्रभाव से रोका जाए, मनरेगा में 100 दिन का रोजगार न मिलने के कारण किसी भी गरीब परिवार को बीपीएल सूची से बाहर न किया जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ लेने वाले गरीब परिवारों को भी बीपीएल सूची से न हटाया जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में तीसा अस्पताल में 18 डॉक्टरों की नियुक्ति हुई थी और अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई थी। वर्तमान सरकार ने क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आईटीआई तीसा के भवन और इंडोर स्टेडियम के लिए राशि केंद्र सरकार ने स्वीकृत की है। भाजपा सरकार में एक बहुउद्देशीय श्रम भवन का निर्माण किया गया, लेकिन आज तक उसका उद्घाटन नहीं हो पाया।
रैली में भाजपा मंडल अध्यक्ष परस राम, भंजराडू मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, कोटी मंडल अध्यक्ष तिलक ठाकुर, ब्लॉक समिति अध्यक्ष कौशल्या देवी और पंचायत प्रधान कृष्णा महाजन सहित अन्य उपस्थित रहे।