सिहुंता (चंबा)। देहर खड्ड के समीप तेंदुआ दिखने से सुबह की सैर करने निकले लोगों दहशत का माहौल है। इससे ग्राम पंचायत सिहुंता, छलाड़ा और कामला के ग्रामीण अब अपने ही घरों में सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे। क्षेत्र में तेंदुआ और भालू लगातार दिखाई दे रहे हैं, जिससे लोगों का जीवन डर और अनिश्चितता में गुजर रहा है।
अब लोग न केवल अपने कामकाज और बच्चों की पढ़ाई को लेकर सतर्क हैं बल्कि घर से बाहर निकलना भी खतरे से खाली नहीं रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक महीने पहले एक युवक तेंदुए के हमले का शिकार हुआ था और गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इसके बाद से ग्रामीण सुबह-शाम अपने कदम संभालकर ही बाहर निकलते हैं।
विद्यार्थी स्कूल और कॉलेज जाते समय भी भय के कारण सावधानी बरतते हैं। अब मंगलवार रात की एक घटना ने डर बढ़ा दिया, जब एक वाहन के पास तेंदुआ गुजरा।
स्थानीय निवासी उत्तम सिंह, करनैल सिंह, माधो राम, किशोरी लाल, हंस राज और मनीष कुमार का कहना है कि पहले हर दिन सुबह -शाम सैर करने जाते थे, लेकिन, जबह से तेंदुए और भालू को देखा गया है, तबसे सैर करना ही छोड़ दी है। वन विभाग जल्द उन्हें राहत दिलाए। उधर, वन विभाग के बीओ राजेश ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। इसकी जांच की जाएगी और अगर तेंदुआ दिखा है तो उसे पकड़ा जाएगा।