पंचायतों में कमेटियां गठित कर कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
महिला कार्यकर्ताओं की भी बनाईं अलग कमेटियां, नए सदस्यों को जोड़ने पर रहेगा जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने बूथों को मजबूत बनाने के लिए पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन और पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है।
साहो भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं चंबा के पूर्व विधायक पवन नैय्यर की अगुवाई में विभिन्न पंचायतों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर उन्हें संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
इसी अभियान के तहत रविवार को ग्राम पंचायत अठलुई के चलोगा, ग्राम पंचायत कीड़ी के बंजल, कीड़ी और लग्गा और ग्राम पंचायत गुवाड़ के शार और भाला बूथ पर कमेटियों का गठन किया गया। पुरानी कमेटियों में बदलाव कर नए सिरे से कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए गए। संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उनकी अलग कमेटियां भी गठित की गईं।
बैठकों में कार्यकर्ताओं को चुनाव तक बूथों पर सक्रिय रहने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया गया। केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ प्रदेश सरकार की चुनावी गारंटियों से जुड़े मुद्दे उठाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान भाजपा की पूर्व प्रत्याशी नीलम नैय्यर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।