पांगी (चंबा)। भाजपा मंडल पांगी की ओर चलाए बूथ प्रवास और सदस्य जोड़ो अभियान चलाया गया है। बुधवार से शुक्रवार तक पांगी की सुण, सैचू, साहली, कुमार, साच फिंडरू, मिंधल, रेई, पुर्थी और शौर पंचायतों के 20 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें बड़ी संख्या में नए सदस्य जोड़े गए।
इस अभियान में महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा सहित भाजपा मंडल के पदाधिकारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। भाजपा मंडल पांगी के अध्यक्ष सतीश कुमार राणा ने बताया कि मंडल में सदस्य जोड़ो अभियान के लिए सभी मोर्चों को लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
महिला, किसान और युवा मोर्चा को प्रत्येक बूथ पर 10 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चा को पांच-पांच सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों से जनता तंग आ चुकी है, जिसके चलते लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार पर खाद्य आपूर्ति व्यवस्था में पूर्ण विफलता का आरोप लगाते हुए कहा कि पांगी क्षेत्र में शुक्रवार तक राज्य खाद्य आपूर्ति निगम राशन वितरण करने में असफल रहा है।
बर्फबारी का समय नजदीक है और ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। कई बार प्रशासन को अवगत करवाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। बिजली, पानी और सड़कों की स्थिति भी चिंताजनक है, लेकिन सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही।
अभियान के दौरान महिला मोर्चा अध्यक्षा सुनीता नेगी, महामंत्री सुनीता राणा, किसान मोर्चा अध्यक्ष सुदेश कुमार, महामंत्री राजेंद्र कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष विनोद कुमार, महामंत्री देव राज, परिवहन प्रकोष्ठ अध्यक्ष मेहर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।