तेलका (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तेलका में लंबे समय से रिक्त चल रहे बायोलॉजी और अंग्रेजी के अध्यापकों के पद भर दिए गए हैं। मंगलवार को दोनों नवनियुक्त अध्यापकों ने स्कूल पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया। शिक्षकों की नियुक्ति से विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी है।
अध्यापकों की कमी के कारण दोनों विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। अब नियमित शिक्षक मिलने से विद्यार्थियों को पढ़ाई में राहत मिलेगी। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर क्षेत्रवासियों ने सरकार और शिक्षा विभाग का आभार जताया है।
एसएमसी अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने बताया कि चंबा दौरे के दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के समक्ष स्कूल में शिक्षकों के रिक्त पदों का मामला उठाया था। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद दोनों पद भर दिए गए हैं। इससे स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत होगी।
यूथ कमेटी तेलका के अध्यक्ष धर्मेंद्र सूर्या ने भी नियुक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों पद लंबे समय से रिक्त थे। उन्होंने सरकार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी और शिक्षा विभाग का आभार जताया।