चुराह (चंबा)। चंबा-तीसा मार्ग पर रखालू माता मंदिर के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने से बाइक पर पीछे बैठे एक व्यक्ति की मौत हो गई। बाइक चालक सड़क पर ही गिर गया। यह हादसा मंगलवार दोपहर के समय हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान बलवंत सिंह (32) पुत्र तेज सिंह गांव ढालुंई डाकघर चरोड़ी तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के भाई धर्मेंद्र और बुआ के लड़के भिंदर कुमार के बयान दर्ज कर लिए हैं। साथ ही आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में बाइक चालक भिंदर ने बताया कि वह और बलवंत सिंह निजी कार्य के चलते नकरोड़ बाजार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान जब से रखालू माता मंदिर के समीप पहुंचे तो पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरा जो बाइक पर पीछे बैठे बलवंत सिंह को लगा। लिहाजा, पत्थर लगने से बलवंत सिंह करीब चार सौ फीट गहरी खाई में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक भिंदर सड़क पर ही गिर गया। उसे मामूली खरोचें आईं। बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंच गए। साथ ही मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को खाई से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए तीसा अस्पताल पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये फौरी राहत जारी कर दी गई है। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।