कल देहग्रां में प्रस्तावित है सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम, लंबे समय से बदहाल मार्ग से जूझ रहे थे लोग
वाहन चालकों को मिलेगी राहत, विभाग ने तेज किया मरम्मत कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
तीसा (चंबा)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रस्तावित चुराह दौरे से पहले लोक निर्माण विभाग ने तीसा-बैरागढ़ सड़क की सुध लेना शुरू कर दिया है।
मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। सड़क की खस्ताहालत के कारण लंबे समय से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
चार नवंबर को मुख्यमंत्री का बैरागढ़ के देहग्रां गांव में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम प्रस्तावित है। दौरे के मद्देनजर विभाग ने सड़क की मरम्मत तेज कर दी है, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारु रहे। स्थानीय निवासी विजय कुमार, दलीप कुमार, नरेश कुमार और योगराज ने कहा कि सड़क की नियमित मरम्मत जरूरी है। इससे वाहन चालकों को परेशानी से राहत मिलेगी और सफर भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग आगे भी मार्ग की समय-समय पर देखरेख करेगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि तीसा-बैरागढ़ सड़क की मरम्मत करवाई जा रही है।