बुधवार को चंबा शहर में विभिन्न बैंको के एटीएम के बाहर पैसे निकालने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।
इस दौरान लोगों को पैसे निकालने के लिए घंटा भर लाइन में खड़े होना पड़ा। शहर के बाहर एटीएम में अभी तक कैश नहीं डाला गया है। यह कतारें सुबह से लेकर शाम तक ऐसे ही लग रही हैं। एटीएम से पैसे निकलने से बैंकों में लोगों की भीड़ में कुछ हद तक फर्क पड़ा है।
स्थानीय निवासी अजय कुमार, देश राज, मान सिंह, कर्म चंद, सुरेश कुमार, कमलेश, प्यार सिंह, योग राज, रंजीत, मनीष कुमार, देवेंद्र और युवराज ने बताया कि जुलाहकड़ी, हरदासपुरा, करियां, सुल्तानपुर, परेल सहित अन्य इलाकों में स्थित एटीएम में पैसे नहीं होने के कारण शहर के एटीएम से पैसे निकालने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ रही है।
उन्होंने कहा सरकार द्वारा नोट बंदी के फैसले से आम लोगों को भी थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसके बावजूद लोग सरकार के इस फैसले की सराहना कर रहे हैं। जबकि कुछ साहूकार सरकार के इस फैसले से नाखुश हैं। उन्होंने जिला प्रशासन व सरकार से गुहार लगाई है कि शहर व अन्य स्थानों पर स्थित एटीएम में पर्याप्त मात्रा में धन डाला जाए ताकि लोगों को कैश निकालने के लिए लंबी लाइनों में न लगना पड़े।