डलहौजी में पर्यटकों को जागरूक करते पुलिस कर्मचारी।
- फोटो : Chamba
डलहौजी (चंबा)। पर्यटक नगरी डलहौजी में पुलिस ने पर्यटकों को मास्क पहनने के लिए जागरूक करने का अभियान शुरू किया है। इसके तहत शुक्रवार को पुलिस की टीम ने डलहौजी के गांधी चौक पर घूमने वाले सभी पर्यटकों को मास्क के पहनने के प्रति जागरूक किया। साथ ही पर्यटकों को मास्क का महत्व भी समझाया। मास्क पहनने से कोरोना महामारी से बचा जा सकता है, के बारे में भी जागरूक किया। पुलिस ने यह जागरूकता अभियान अमर उजाला में छपी खबर के बाद चलाया है। अमर उजाला ने कुछ दिन पहले डलहौजी में बिना मास्क घूमने वाले पर्यटकों की फोटो के साथ खबर प्रकाशित की थी। जिसके उपर संज्ञान लेते हुए पुलिस की ओर से जहां बिना मास्क लोगों के चालान काटे जा रहे हैं। वहीं डलहौजी में आने वाले पर्यटकों को मास्क पहनने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने बताया कि देश व प्रदेश में कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है। इसके लिए सरकार भी गंभीर हो गई है। कोरोना से बचाव को लेकर सरकार की ओर से गाइडलाइन भी जारी की गई है। जिसके अनुसार प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। डलहौजी में कुछ पर्यटक बिना मास्क घूमते हुए देखे गए थे। जिसको लेकर पुलिस ने एक जागरूकता अभियान चलाया है।