दो बार करवाई नीलामी, एक साथ नहीं बिके जिले में शराब ठेके
दोनों बार दो-दो यूनिट ही हो पाए नीलाम, विभाग आज दोबारा से करवाएगा नीलामी प्रक्रिया
ऊंची बोली मानी जा रही शराब ठेकों के एक साथ नीलाम नहीं होने की वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला चंबा के करीब 150 शराब ठेकों की बिक्री एक साथ नहीं हो पाई है। इसके पीछे ऊंची बोली लगाना मुख्य वजह मानी जा रही है। आबकारी एवं कराधान विभाग ने जिले में शराब ठेकों के लिए दो बार नीलामी प्रक्रिया करवाई। दोनों बार सिर्फ दो-दो यूनिट शराब ठेकों की ही बोली लग पाई है। ऐसे में विभाग अब वीरवार को एक बार फिर से शराब ठेकों की नीलामी प्रक्रिया करवाएगा।
जिला आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से जिले में शराब की 11 यूनिटों के अधीन करीब 150 शराब के ठेके आते हैं। विभाग की ओर से इन शराब की यूनिटों को नीलाम किया जाता है। बीते वर्ष के आंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए तो आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से आयोजित नीलामी प्रक्रिया में ठेकेदारों ने सबसे अधिक बोली लगाते हुए करीब 109 करोड़ की बोली लगाई थी। इस बार अब सभी यूनिटों की इससे अधिक बोली लगनी करीब-करीब तय रही। बोलीदाता अधिक बोली नहीं लगा पाए। लिहाजा, अब तक महज चार यूनिटों के नीलाम होने के पीछे रहे कारणों की यही वजह बताई जा रही है। विभाग की ओर से चार यूनिटों की बोली प्रक्रिया को अंजाम देने के बाद अब शेष सात यूनिटों की नीलामी अब वीरवार को फिर से करवाई जा रही है। उधर, जिला आबकारी एवं कराधान विभाग के डिप्टी कमिश्नर कंवर शाह देव कटोच ने बताया कि वीरवार को शराब के यूनिटों की नीलामी प्रक्रिया होगी।