भरमौर की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ऊपरी पहाड़ियों पर बुधवार को ताजा हिमपात हुआ। निचले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश-बर्फबारी से क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। मणिमहेश, कुगति, चौबिया, सुप्पा, बड़ग्रां, तुंदाह सहित अन्य ऊपरी चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। तहसील मुख्यालय में बर्फबारी तो नहीं हुई, लेकिन दिन भर बूंदाबांदी होती रही। ठंड बढ़ने से लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। दुकानदार बाजार में ठंड से बचने के लिए आग सेंकते नजर आए। पिछले दो दिन में खिली धूप से लोग सर्दी के मौसम के जाने का अनुमान लगा रहे थे। बुधवार को जैसे ही मौसम ने अपनी करवट बदली। तो लोगों को एक बार फिर से सर्दी की ठंड ने अपनी चपेट में ले लिया। संवाद