सलूणी (चंबा)। चंबा-लंगेरा मार्ग पर चकोली रैन बसेरा में पुलिस के एसआईयू विंग ने एक व्यक्ति से एक किलो 88 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एसआईयू विंग की टीम शनिवार सुबह चंबा-लंगेरा मार्ग पर गश्त पर थी। चकोली रैन बसेरा के पास पहुंचने पर टीम की नजर नरैणू निवासी कोटला पर पड़ी। टीम को देख नरैणू घबरा गया।
इस पर पुलिस ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को उससे एक किलो 88 ग्राम चरस बरामद हुई। एसआईयू विंग ने उसे किहार थाने में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी सलूणी शेर सिंह ने बताया कि चकोली रैन बसेरा में एक व्यक्ति को एक किलो 88 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया है। बताया कि पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ किहार थाने में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।