Argument with husband at night, woman found dead in kitchen in morning
चंबा। रात को पति से कहासुनी के बाद अगली सुबह पत्नी का रसोई घर में शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान बेगू उर्फ कांतो (27) पत्नी कर्म चंद निवासी गांव बाड़ी पंचायत श्लेलाबाड़ी के रूप में हुई है। शव के पास पुलिस को जहर की खाली शीशी भी बरामद हुई है। इसमें जहर की कुछ बूंदें बची हुई थीं। शंका जताई जा रही है कि महिला ने जहर खाया है। वहीं, महिला के पिता ने अपने दामाद पर बेटी को तंग करने का आरोप लगाया है।
पिता का कहना है कि उसकी बेटी की शादी बारह साल पहले हुई थी। बेटी अक्सर अपने साथ मारपीट और तंग करने की शिकायत करती थी। हर बार वह इस वजह से चुप रहते थे कि कहीं उनकी बेटी का घर न उजड़ जाए। लेकिन, इस बार पति की प्रताड़ना ने उनकी बेटी की जान ले ली। उन्होंने पुलिस से दामाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, महिला की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए नूरपुर से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। देर शाम तक फोरेंसिक टीम तीसा पहुंच गई थी। फोरेंसिक टीम आने तक शव को घर में उसी परिस्थितियों में रहने दिया गया। टीम ने शव के आसपास जहर की खाली शीशी सहित अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। तीसा थाना प्रभारी बाबू राम शर्मा इस मामले में स्वयं जांच कर रहे हैं। उन्होंने मौके पर जाकर मृतका के परिजनों के बयान भी दर्ज किए।
पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि तीसा के श्लेलाबाड़ी में महिला की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच करने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।