चंबा। छात्र हित की बैठक में भाग न लेने पर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी चुवाड़ी को विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर अपना जवाब विभाग को देना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगर सात दिन के भीतर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया जाता है तो विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
जानकारी के मुताबिक गत सप्ताह प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा के कार्यालय में छात्रहित की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए सभी खंडों के प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को विभाग ने सूचित किया था लेकिन, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी चुवाड़ी ने बैठक में भाग नहीं लिया है।
इस पर अब विभाग ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी से जवाब मांगा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधिकारी को तय समयावधि के भीतर जवाब देना होगा। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के चलते स्कूल बंद हैं। ऐसे में विभाग की ओर से बैठकों के जरिये खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए जाते हैं, जिससे यह आदेश संबंधित खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी अपने अधीनस्थ स्कूलों तक पहुंचा सकें।
बैठक में हर घर पाठशाला से लेकर तमाम बिंदुओं पर चर्चा की गई।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा सुरेश कुमार शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी चुवाड़ी बैठक से अनुपस्थित रहे। ऐसे में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कहा कि एक सप्ताह के भीतर उन्हें अपना जवाब देना होगा।