आंबेडकर भवन धड़ोग में प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी। संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। आंबेडकर भवन धड़ोग मोहल्ला में स्कूली विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। आंबेडकर मिशन सोसायटी पे बाबा साहिब डॉ. भीम राव आंबेडकर की 131वीं जयंती और बुद्ध जयंती 2022 के उपलक्ष्य पर इसका आयोजन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए कोलाज बनाओ, नारा लेखन, पोस्टर बनाना, अंतर विद्यालय भाषण प्रतियोगिता और अंतर विद्यालय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महासचिव योगेश्वर अहीर ने कहा कि प्रतियोगिताओं का आयोजन दो वर्गों में किया गया। कनिष्ठ वर्ग में छठी से आठवीं और वरिष्ठ वर्ग में नवमी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
अंतर विद्यालय प्रतियोगिताओं में जिले की 25 टीमों के 110 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रो. अविनाश ने क्विज मास्टर के रूप में कार्य किया। कनिष्ठ वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में सरोल विद्यालय से पीयूष राज, गंगा परिहार और जैनया गौतम, वरिष्ठ वर्ग में लुड्डू स्कूल की ललिता, कियाणी विद्यालय से रुपाली, डीएवी स्कूल चंबा से अंवेक्षा पाल क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। कोलाज बनाओ में अन्वेक्षा पाल प्रथम स्थान प्राप्त किया। नारा लेखन कनिष्ठ वर्ग में सुनिस्का पाल, चांदनी, पीयूष राज और वरिष्ठ वर्ग में चांदनी, स्नेहा व गीता ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। पोस्टर बनाओ में पीयूष राज, समर पहले स्थान पर रहे। कनिष्ठ वर्ग प्रश्नोत्तरी कनिष्ठ वर्ग में राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल से गंगा परिहार प्रथम रही। सम्मान समारोह सोमवार को चौगान नंबर दो में आयोजित किया जाएगा।