सलूणी कृषि उपकेंद्र में 35 रुपये किलो मिल रहा बीज, पिछले साल 40 रुपये थी कीमत
क्षेत्र में 150 बैग की पहली सप्लाई पहुंची, मांग बढ़ने पर 100 बैग और मंगवाए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। खेती की लागत लगातार बढ़ने से परेशान किसानों को आलू की बिजाई से पहले कुछ राहत मिली है। इस बार कृषि विभाग ने आलू के बीज की कीमत पिछले साल के मुकाबले पांच रुपये प्रति किलो कम रखी है।
सलूणी कृषि उपकेंद्र में किसानों को अब 35 रुपये किलो की दर से बीज उपलब्ध करवाया जा रहा है, जबकि पिछले वर्ष इसके लिए 40 रुपये चुकाने पड़ते थे। अधिक मात्रा में बीज खरीदने वाले किसानों के लिए यह कटौती कुल खर्च में अच्छी बचत का जरिया बनेगी।
कृषि विभाग ने इस बार मनाली से आलू बीज की पहली खेप मंगवाई है। सलूणी उपकेंद्र में 150 बैग का स्टॉक पहुंच चुका है। किसानों की ओर से बीज की मांग लगातार आ रही है। इसे देखते हुए विभाग करीब 100 बैग की अतिरिक्त खेप मंगवाने की तैयारी में है, ताकि बिजाई के समय किसानों को कमी का सामना न करना पड़े।
किसान चमारू राम, चैन सिंह, चतर सिंह, ढीलो राम, प्रेम सिंह, ध्यान सिंह और टेक चंद ने कहा कि खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री महंगी होने से खेती का खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में आलू बीज की कीमत में पांच रुपये की कमी किसानों के लिए राहत की बात है। उन्होंने कहा कि अधिक मात्रा में बीज खरीदने पर यह बचत भी बड़ी हो जाती है।
उधर, एसएमएस विकास कपूर ने बताया कि सलूणी कृषि उपकेंद्र में 150 बैग आलू बीज पहुंच चुका है। किसानों को 35 रुपये प्रति किलो की दर से बीज दिया जा रहा है। मांग के अनुसार 100 बैग की अतिरिक्त खेप मंगवाई जाएगी। उन्होंने किसानों से समय रहते बीज खरीदने की अपील की है।