तत्ववानी में फिर जला किताबों समेत कचरे का ढेर, सुबह से शाम तक धुएं के बीच गुजरते रहे वाहन
बार-बार दोहराई जा रही घटना से लोग खफा, नगर परिषद ने पहचान होने पर कार्रवाई का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। रविवार को एक बार फिर नए बस स्टैंड के साथ तत्ववानी में हाईवे के किनारे कचरे ने आग पकड़ ली। सुबह करीब 11 बजे उठे धुएं का गुबार शाम तक थमने का नाम नहीं ले रहा था।
किताबों और दूसरे कचरे का ढेर लगातार सुलगता रहा। धुआं हाईवे तक फैल गया और सड़क से गुजरने वाले वाहन चालक व राहगीर इसके बीच से निकलते रहे। घंटों तक कचरा जलता रहा, लेकिन मौके पर आग बुझाने या इसे लगाने वाले की पहचान करने की कोई प्रभावी पहल नजर नहीं आई।
एक तरफ मिट्टी से भरे बोरों के ढेर और दूसरी तरफ आग की चपेट में आई किताबें व कचरा इस अव्यवस्था की तस्वीर बयां कर रहे थे। नए बस स्टैंड के नजदीक दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे व्यस्त स्थान पर कचरा जलने से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। हर रविवार इसी जगह कचरा जलाए जाने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। बार-बार सामने आ रही इस समस्या पर अब ठोस कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
सुबह से कचरा जल रहा था और शाम तक धुआं उठता रहा। आखिर हर रविवार इसी जगह आग लगाने वाले पर कार्रवाई कब होगी। - नेहा ठाकुर
हाईवे से गुजरते समय धुएं के कारण काफी परेशानी हुई। सड़क किनारे इस तरह कचरा जलाना बंद होना चाहिए। - स्नेहा कुमारी
नए बस स्टैंड के पास ऐसा नजारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। कचरा उठाने की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। - आयुष कुमार
हमने कई बार इस समस्या पर नाराजगी जताई है। अब कार्रवाई चाहिए, नहीं तो नगर परिषद और उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना देंगे। - शशि पाल
कचरा जलाने की शिकायत उनके पास पहुंची है। इस पर नजर रखी जा रही है कि आखिर आग कौन लगा रहा है। संबंधित व्यक्ति की पहचान होने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। - भुवनेश्वरी गुलाटी, अध्यक्ष, नगर परिषद चंबा