हादसे में घायल का इलाज करते डॉक्टर।
- फोटो : Chamba
चुवाड़ी (चंबा)। सरोगा नाला सड़क हादसे ने आपदा प्रबंधनों को पोल खोलकर रख दी। दुर्घटना के बाद जहां घायलों को लाने के लिए एंबुलेंस गाड़ियां कम पड़ गईं तो वहीं, दूसरी तरफ चुवाड़ी का सिविल अस्पताल भी छोटा पड़ गया। जब अन्य मरीज स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में मौजूद थे तो उसी वक्त एंबुलेंस घायलों को लेकर पहुंच गई। इससे अस्पताल में काफी भीड़ हो गई।
एंबुलेंस गाड़ियों की कमी होने पर स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत बनीखेत, समोट, सिहुंता और नूरपुर से एंबुलेंसों के लिए सहायता मांगी। उसके बाद इन क्षेत्रों से एंबुलेंस पहुंचीं। इन गाड़ियों से गंभीर मरीजों को टांडा भेजा गया। हादसे की खबर जैसे ही क्षेत्र के लोगों को लगी तो वे तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में अपना हरसंभव सहयोग दिया। इसके अलावा सिविल अस्पताल चुवाड़ी में भी समाजसेवी घायलों की मदद करते नजर आए।
एसएमओ चुवाड़ी डॉ. श्यामलाल शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद एंबुलेंस की कमी हो गई थी। कहा कि तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों से एंबुलेंस मंगवाई गईं।