चंबा। कोरोना संक्रमित निकलीं मुंबई की तीन महिलाएं तीन दिनों तक एचटूओ हाउस चमीनू में ठहरी थीं। यहां से तीन दिनों तक चंबा शहर, खज्जियार और अन्य स्थानों पर घूमने के लिए जाती रहीं और और वापस चमीनू में ठहरती थीं।
इतना ही नहीं, इन महिलाओं ने स्वास्थ्य विभाग को दी जानकारी में बताया है कि उन्होंने चंबा शहर के मुख्य बाजार में दो घंटे तक खरीदारी भी की है, जहां उन्होंने अपने लिए शॉल और स्वेटर की खरीदारी की। लेकिन, उन्हें दुकानों और दुकानदारों के नाम पता नहीं हैं। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग दुकानदारों का पता नहीं लगा पाया। अगर गलती से महिलाओं के संपर्क में आने से दुकानदार कोरोना संक्रमित हुए तो उनके संपर्क में आने वाले अन्य ग्राहक भी संक्रमित हो सकते हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्कता से कार्रवाई कर रहा है।
वहीं, संक्रमित तीनों महिलाएं एक दिन पर्यटन स्थल खज्जियार में घूमती रहीं। इस दौरान उन्होंने रेस्टोरेंट में खाना खाया और झील मैदान में कई लोगों से उनका संपर्क भी हुआ। मंगलवार को वे तीनों चंबा से गाड़ी लेकर गग्गल एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गईं। यहां से उन्होंने मुंबई के लिए उड़ान भरी। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सबसे पहले महिलाओं को छोड़ने वाले टैक्सी चालक से संपर्क किया, जो चंडीगढ़ में ठहरा है। उसे तुरंत अपना कोविड टेस्ट करवाने की सलाह दी और उसे बाहर घूमने से भी मना किया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग महिलाओं के संपर्क में आने वाले अन्य लोगों को भी तलाश कर रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर हरित पुरी ने बताया कि मुंबई की तीन महिलाओं को फिलहाल मुंबई में होमआइसोलट करवाया गया है। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान करके उनकी कोविड जांच करने का जिम्मा स्वास्थ्य खंड पुखरी की टीम को दिया गया है।