चंबा। नए साल के आगमन पर जिले में मौसम ने मेहरबानी दिखाई। जनजातीय क्षेत्रों की ऊपरी चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में चार माह के बाद आसमान से बरसी बारिश की बूंदों ने सूखे हालात से राहत दिलाई। पांगी और भरमौर से लेकर पर्यटन नगरी डलहौजी तक बर्फबारी और बारिश ने जहां पर्यटकों के नए साल के जश्न को यादगार बना दिया, वहीं इससे किसानों, बागवानों और आम लोगों के चेहरों पर रौनक लौट आई। मौसम में आए इस बदलाव का असर पर्यटन, कृषि, बागवानी और स्वास्थ्य क्षेत्रों पर सकारात्मक रूप से देखने को मिला।
पांगी की चोटियों में 10.16, भरमौर में 5.08 सेंटीमीटर बर्फबारी
चंबा। नए साल के आगमन पर जनजातीय क्षेत्र पांगी की ऊपरी चोटियों हुड़ान भुटोरी, चस्क भुटोरी, सुराल भुटोरी, संसार हिल और सचे जोत में 10.16 सेंटीमीटर, भरमौर की ऊपरी चोटियों मणिमहेश, काली छौ, कुगति में 5.08 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं, पर्यटन नगरी डलहौजी, जोत, लक्कड़मंड़ी, चुराह के देवीकोठी, टेपा, बैरागढ़ समेत सलूणी के ऊपरी गांवों में समेत लंगेरा में बर्फबारी हुई। वहीं, जिले के निचले क्षेत्रों में वीरवार दोपहर बाद 3 बजे के करीब बारिश का क्रम आरंभ हुआ।