जिला चंबा में तेंदुए की दो खाल के साथ दबोचे गए आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड के बाद सोमवार को फिर से अदालत में पेश किया गया। यहां पुलिस की ओर से पेश किए सबूतों के आधार पर अदालत ने दोनों आरोपियों को फिर से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
यह मामला सामने आने के बाद यह तय हो गया है कि दोनों आरोपी इन खालों को खरीद-फरोख्त के सिलसिले से ले जा रहे थे। हालांकि, आरोपियों के पास ये तेंदुए की खाल कहां से आई और बीते शुक्रवार देर रात दोनों आरोपी इन खालों को किसे सौंपने वाले थे, इस बारे में अभी तक आरोपियों ने मुंह नहीं खोला है।
पुलिस के अनुसार, बरामद की गई तेंदुए की दोनों खाल काफी पुरानी हैं। लिहाजा, आरोपी पुलिस को चकमा देने की पूरी कोशिश करेंगे। ऐसे में पुलिस इन दोनों आरोपियों से तेंदुए की खाल का सच उगलवाने की पूरी कोशिश करेगी। इसके लिए न्यायालय में पुलिस को पांच दिन का समय भी दिया है।
मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर हरनाम सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। इनसे अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। शीघ्र इस मामले में कुछ और खुलासा हो सकता है।