तहसीलदार को ज्ञापन देते सलूणी कॉलेज एबीवीपी के कार्यकर्ता।
- फोटो : Chamba
सलूणी (चंबा)। एबीवीपी चंबा और सलूणी इकाई की ओर से कॉलेज परिसर के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला एसएफडी संयोजक लकी वशिष्ट ने बताया कि 9 जनवरी को तंजावुर जिले के सेकर्ड हार्ट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्रा धर्मांतरण के लिए बनाए जा रहे दबाव से तंग आकर कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश करती है। 19 जनवरी को उसकी मृत्यु हो जाती है।
आत्महत्या करने पर मजबूर लावण्या को न्याय दिलाने की लड़ाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पूरे देश भर में लड़ रही है। इसी के तहत 14 फरवरी को एबीवीपी के कार्यकर्ता राष्ट्रीय महामंत्री निधि त्रिपाठी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे तो सरकार ने बर्बरतापूर्वक कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करते हुए कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया, जिसका एबीवीपी विरोध करती है। कहा कि उन पर लगाए गए आरोप सरासर निराधार हैं।
कहा कि एबीवीपी सर्वोच्च न्यायालय के इस फैसले का स्वागत करती है, जिसमें इस केस की सीबीआई जांच के आदेश सर्वोच्च न्यायालय ने दिए हैं। एबीवीपी मांग करती है की इस पूरे मामले में संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इकाई अध्यक्ष सलूणी शेनेय शर्मा ने बताया कि तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है। कहा कि जल्द मामले में कार्रवाई न होने पर एबीवीपी आने वाले समय में हस्ताक्षर अभियान और उग्र आंदोलन करेगी।