लाखों के नुकसान का अनुमान, गनीमत रही हादसे के वक्त घर में कोई नहीं था
डलहौजी विधायक डीसी ठाकुर ने प्रभावित को राहत के रूप में दिए 10 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत भांदल के गांव खनेई में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अमर सिंह पुत्र बैंसू के दो मंजिला मकान पर अचानक भारी भरकम देवदार का पेड़ गिर गया, जिससे मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। इस हादसे में छह कमरों वाले मकान के दो कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि अन्य चार कमरों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं।
गनीमत यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। मकान के सभी सदस्य उस वक्त खेतों में काम कर रहे थे, जबकि बच्चे स्कूल गए हुए थे। प्रभावित ने बताया कि शुक्रवार करीबन 11:00 बजे अचानक सूखे देवदार पेड़ का आधा हिस्सा अचानक से उनके मकान पर आ गिरा। बताया कि बरसात के मौसम के चलते जमीन कमजोर होने के कारण पेड़ जड़ से उखड़ गया और यह हादसा हो गया।
एसडीएम सलूणी अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि जैसे ही उन्हें खबर मिली, तुरंत पटवारी को मौके पर भेजा गया। नुकसान का आकलन पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा और उसी अनुसार प्रभावित परिवार को राहत राशि प्रदान की जाएगी। पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष योग सिंह गौतम और वार्ड सदस्य प्रदीप कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस बारे में जब डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर को सूचना दी गई तो उन्होंने तत्काल राहत के तौर पर प्रभावित परिवार के खाते में 10 हजार रुपये डलवाए और आश्वासन दिया कि एसडीएम सलूणी और उपायुक्त चंबा से बात कर प्रभावित को उचित सहायता राशि उपलब्ध करवाई जाएगी।