अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले में वीरवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। बारिश से पांच सरकारी स्कूलों के भवन, किचन शेड और मैदान सहित चारदीवारी ढह गई। इसके अलावा पांगी में ग्लेशियर की चपेट में आने से एक लोहे का पुल भी ध्वस्त हुआ। इसके साथ ही पांगी और भड़ियां में मकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, भारी बारिश के कारण जनजातीय क्षेत्र पांगी के गांव फिंडपार में ग्लेशियर गिरने के कारण लोहे का पुल ध्वस्त हो गया। एसडीएम पांगी की ओर से आगामी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसके अलावा बर्फबारी के कारण भगत राम पुत्र मणि राम निवासी रेई तहसील पांगी के मकान को भी नुकसान पहुंचा है।
स्कूल जा रही अध्यापिका पर गिरा पत्थर, घायल
राजकीय प्राथमिक पाठशाला बग्गा में ड्यूटी देने जा रही एक अध्यापिका चमेरा-2 बांध के समीप पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आ गई। इससे महिला घायल हो गई। अध्यापिका का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरवाला में किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद शिक्षिका को छुट्टी दे दी गई। घायल अध्यापिका की पहचान जागरितो के रूप में हुई।
पांच सरकारी स्कूलों में साढ़े 25 लाख का नुकसान
भारी बारिश के दौरान सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेईकोठी और सनवाल स्कूल की चारदीवारी को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा हाई स्कूल गनेड़ में स्कूल भवन की छत, रसोईघर और सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हुई है। इसके अलावा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में दरारें आ गई हैं। जबकि पज्जा स्कूल में किचन शेड और स्कूल भवन की दीवार क्षतिग्रस्त हुई है। भारी बर्फबारी के कारण पांच स्कूलों को करीब साढ़े 25 लाख का नुकसान पहुंचा है। विभाग की ओर से यह रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है।
नुकसान की रिपोर्ट की जा रही तैयार : डीसी
उपायुक्त चंबा हरिकेश मीणा ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कहा कि बारिश के दौरान लोग एहतियात बरतें। कहा कि सभी विभाग नुकसान की रिपोर्ट बनाएं।