रसोई घर पर गिरी चट्टान, बाल-बाल बचा परिवार
कुछ समय पहले रसोई घर में खाना खा रहा था परिवार
कमरे में आराम करते समय बाहर हुई जोरदार आवाज
अमर उजाला ब्यूरो
खज्जियार (चंबा)। मियाडी गला में पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान गिरकर घर के साथ रसोई घर पर गिर गई। इससे रसोई घर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि जिस समय रसोई पर यह चट्टान गिरी, उस समय रसोई में कोई भी मौजूद नहीं था। इस कारण एक बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वरूप कुमार पुत्र निधिया राम निवासी मियाड़ी गला वीरवार सुबह साढ़े आठ बजे रसोई घर में परिवार सहित खाना खाने के बाद आराम करने के लिए कमरे में गया। कमरे में बैठे हुए उन्हें अभी बीस मिनट ही हुए थे कि बाहर अचानक जोरदार आवाज हुई। इसे सुनकर पूरा परिवार कमरे से बाहर निकल आया। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि उनकी रसोई चट्टान के नीचे दब चुकी थी। अंदर रखा सामान भी दब गया। प्रभावित परिवार ने घटना की सूचना पंचायत प्रधान को दी। पूर्व प्रधान पवन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित पटवारी और कानूनगो को दे दी गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। कानूनगो प्रभात कुमार ने बताया कि चट्टान से रसोई घर क्षतिग्रस्त होने की सूचना उन्हें मिली है। संबंधित पटवारी को मौके पर जाकर नुकसान की रिपोर्ट बनाने को कहा गया है। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।