दुर्गम क्षेत्रों की पंचायतों में भी बर्फबारी
से पहले की जाएगी राशन की व्यवस्था
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा ने शुरू किए प्रयास, मिलेगी लोगों को राहत
निरीक्षकों को दिए आदेश, ज्यादा हिमपात वाली पंचायतों को करें चिन्हित
चिन्हित पंचायतों की सूची सरकार को मंजूरी के लिए भेजी जाएगी: नरयाल
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्रों के अलावा अब ऐसी पंचायतों में भी राशन की पहले से व्यवस्था करवाई जाएगी, जहां भारी हिमपात होता हो। इस संदर्भ में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग चंबा की ओर से प्रयास शुरू कर दिए हैं। विभाग ने जिला के समस्त निरीक्षकों को आदेश दिए हैं कि वे जल्द से जल्द ऐसे क्षेत्रों की सूची उपलब्ध करवाएं। जैसे ही कार्यालय यह सूची पहुंचेगी, विभाग की ओर से इसे स्वीकृति के लिए सरकार को भेजा जाएगा। सरकार की स्वीकृति मिलते ही इन क्षेत्रों में एडवांस में राशन की व्यवस्था आगामी सर्दियों के सीजन को लेकर की जाएगी। विभाग की ओर से इस तरह का प्रयास करने का मकसद दूरदराज के क्षेत्रों के राशन कार्ड उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाना है। ताकि बर्फबारी के दौरान उन्हें खाद्य पदार्थो की परेशानी न हो।
इस साल जिला में भारी हिमपात हुआ है। हालांकि जनजातीय क्षेत्रों के लिए पहले से ही राशन को एडवांस में भेजने की व्यवस्था है, लेकिन जिला की कई पंचायतें ऐसी है जिन्हें जनजातीय दर्जा नहीं मिला है। ऐसे में यहां राशन की व्यवस्था हर माह की जाती है। बर्फबारी के कारण रास्ते बंद होने के कारण यहां सरकारी राशन नहीं पहुंच पाता। इसके चलते राशन कार्ड उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। विभाग ने इस मामले को लेकर सकारात्मक पहल करते हुए दुर्गम क्षेत्रों में भी राशन का एडवांस कोटा भेजने का प्रपोजल सरकार को भेजने का निर्णय लिया है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र सिंह नरयाल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिला के समस्त निरीक्षकों से ऐसे क्षेत्रों (जनजातीय क्षेत्र को छोड़कर )की सूची मांगी गई है जहां हिमपात काफी हुआ है। सूची मिलते ही इसे सरकार की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद आगामी सर्दियों का सीजन शुरू होने से पहले एडवांस राशन उपलब्ध करवा दिया जाएगा।