मंगला (चंबा)। ग्राम पंचायत मंगला के गांव डोली में लोगों को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पेयजल की अनियमित सप्लाई बीते कई माह से चल रही है। इस जह से लोगों के लिए पानी का इंतजाम करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि इस बारे में आईपीएच विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया गया है। बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति खासा रोष है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर समस्या का स्थायी हल निकाले की मांग उठाई है।
आईपीएच विभाग लोगों को भरपूर पानी की आपूर्ति मुहैया करवाने के बारे में बड़े-बड़े दावे पेश करता है। मगर मंगला पंचायत के डोली गांव में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इस वजह से डोली मोहल्ले में रहने वाले 200 की आबादी परेशानियां झेलने को मजबूर है। इस बारे में कई बार विभाग के कर्मचारियों को अवगत करवाया जा चुका है।
मगर समस्या का समाधान होता नहीं दिख रहा है। ग्रामीण मनीष कुमार, राकेश कुमार, कुलदीप, दलीप कुमार, किशोर कुमार, रवि कुमार, अजीत कुमार, रिंकू, ओमी, विपिन कुमार, सुधीर कुमार, मुंशीराम, जोगेंद्र, अशोक कुमार का कहना है कि डोली मोहल्ले में लंबे समय से पानी की अनियमित सप्लाई चल रही है। इस वजह से किसी प्रकार के समारोह के दौरान उन्हें पानी ढाकणी बाईं के प्राकृतिक स्रोत से ढोकर लाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता से मांग की कि प्राथमिकता के आधार पर मोहल्ले में पेश आ रही पानी की समस्या का समाधान करवाया जाए।
ग्राम पंचायत मंगला के उपप्रधान उर्मिला देवी का कहना है कि डोली मोहल्ले में पानी की अनियमित सप्लाई के बारे में कई बार विभागीय कर्मचारियों को अवगत करवाया गया है। लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता हमिंद्र चौणा ने बताया कि उन्हें इस बारे कोई भी शिकायत नहीं मिली है। अगर ऐसी बात है तो ग्रामीणों की समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।