सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत अप्पर थुलेल के लोगों को लंबे समय से पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के लोगों को डेढ़ किलोमीटर दूर बराहल खड्ड से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता से प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान निकाले की मांग उठाई है।
गौरतलब हो कि सर्दियों के मौसम में जहां लोग ठंड से ठिठुरने को मजबूर हैं। तो वहीं, दूसरी ओर ग्राम पंचायत अप्पर थुलेल के गांव थुलेल में पानी की अनियमित सप्लाई ने लोगों की दिक्कतों को बढ़ाने का काम किया है। पानी की अनियमित सप्लाई की सूरत में लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक पानी की समस्या के बारे में कई बार विभागीय कर्मचारियों को अवगत करवाया गया है। ग्रामीण जोधा राम, अमर सिंह, मेहर चौधरी, जैसी राम, गोल्डी, पंकज, सुनील कुमार, विनोद कुमार, कुलदीप सिंह, प्रताप सिंह, रूमाल सिंह, हुक्म सिंह, जोगेंद्र सिंह, अभिषेक, पप्पू राम और जीत सिंह ने बताया कि गांव में चौथे और पांचवें दिन बीस लीटर तक पानी की आपूर्ति होती है। नतीजतन, लोगों को परेशानियां ही उठानी पड़ रही है। सहायक अभियंता सुमित विमल कटोच ने कहा कि लोअर थुलेल में पानी की किल्लत संबंधी जानकारी मिली है। जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।