मंगला (चंबा)। चुवाड़ी से चंबा आ रही एचआरटीसी की बस मंगला के पास दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बची। जोत की उतराई उतरकर बस जब चंबा मुख्यालय के पास मंगला पहुंची तो बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। इसकी वजह से बस में सवार सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने समझदारी और चतुराई से काम लेते हुए बस को सड़क किनारे लगे डंगे से टकरा दिया। इससे बस अचानक रुक गई। इसके बाद सवारियों ने बस से नीचे उतरकर राहत की सांस ली। चालक की समझदारी से एक बड़ा हादसा होने से टल गया अन्यथा सड़क से नीचे पलटने से जान माल का भारी नुकसान हो सकता था। बस में सफर कर रहे यात्रियों चैन सिंह, योगराज, कमल कुमार, रमेश, भागदेई, सोमराज, सुरेंद्र, रविंद्र, अमर चंद और कमलेश कुमार ने बताया कि बस में बीस सवारियां सफर कर रही थीं। मंगला के पास चालक ने परिचालक को बताया कि बस की ब्रेक नहीं लग रही है। इसको सुनने के बाद सवारियों में हाहाकार मच गया लेकिन चालक ने सवारियों को ढांढस देते हुए शांत रहने को कहा। चालक ने उपयुक्त स्थान देखते हुए बस को सड़क किनारे बने डंगे से टकरा दिया। इससे बस सड़क पर ही खड़ी हो गई। सवारियों ने मंगला से चंबा तक पैदल सफर तय किया।
क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष कुमार ने बताया कि पालमपुर डिपो की बस की मंगला के पास अचानक ब्रेक फेल हो गई। चालक ने बस को सही स्थान पर रोक लिया, जिससे किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ।