1182 अभ्यर्थियों को बुलाया था, 1113 पहुंचे हमीरपुर शारीरिक दक्षता परीक्षा में दिखाया दमखम
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर कांगड़ा और चंबा के युवाओं की करवा रहा है भर्ती प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी भर्ती में कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में दमखम दिखाया।
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर की ओर से भर्ती वर्ष 2027 के लिए दो और तीन अक्तूबर को हमीरपुर के अनु सिंथेटिक ट्रैक पर भर्ती प्रक्रिया करवाई गई। इसमें 1182 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जबकि 1113 युवा भर्ती स्थल पर पहुंचे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ा। परीक्षा के अहम चरण दौड़ में 798 युवाओं ने सफलता हासिल की। सेना में भर्ती होने का लक्ष्य लेकर पहुंचे युवाओं ने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ निर्धारित मानकों को पूरा करने का प्रयास किया।
भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने दौड़ और शारीरिक दक्षता परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने सफल युवाओं का मनोबल बढ़ाते हुए आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं। भर्ती कार्यालय के अनुसार प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी अभ्यर्थियों को समाचार पत्रों और प्रवेश पत्र के माध्यम से पहले ही उपलब्ध करवाई गई थी। भर्ती प्रक्रिया में युवाओं की शारीरिक क्षमता और प्रदर्शन का निर्धारित मानकों के आधार पर आकलन किया गया।