चंबा। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में साठ फीसदी तक कमी आई है। इससे स्वास्थ्य विभाग समेत प्रशासन ने राहत की सांस ली है। पहले जहां हर रोज चालीस से पचास नए मरीज रोजाना आ रहे थे, वहीं अब पांच से दस नए मामले ही आ रहे हैं। पिछले सोमवार को चंबा जिले में कोरोना के आठ मामले सामने आए थे। जबकि मंगलवार को दस, बुधवार को 27, वीरवार को 10, शुक्रवार को तीन, शनिवार को दो और रविवार को पांच मामले सामने आए हैं।
पहले यही आंकड़ा चालीस से पचास के बीच में रहता था। मगर स्वास्थ्य विभाग के जागरूक अभियान और लोगों में बड़ी जागरूकता ही वजह है कि जिले में अब कोराना संक्रमण का ग्राफ घटता जा रहा है। इसके अलावा राहत की एक और बात यह भी है कि पिछले सात दिनों में जिले में कोरोना किसी भी मरीज की जान नहीं गई है। जबकि दस दिन पहले रोजाना कोरोना की वजह से एक मौत हो रही थी।
जिले में अभी तक कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 49 पहुंच गया था। जिले में रोजाना तीन सौ से चार सौ सैंपलों की जांच की जा रही है। कोविड जांच करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीसीआर और एंटीजन रैपिड टेस्ट किट को इस्तेमाल किया जा रहा है। जिले में मौजूदा समय में कोरोना के 72 सक्रिय मामले बचे हैं। पहले यह आंकड़ा दो सौ के पार हो चुका था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में थोड़ी कमी आई है। रोजाना पहले जहां चालीस से पचास मामले सामने आ रहे थे। वहां अब पांच से दस मामले ही आ रहे हैं। लोगों का कोरोना संक्रमण को लेकर जागरूक होना और नियमों का पालन करना भी इसकी एक वजह है।