अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले चंबा के शेष बीस परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से बजट का प्रावधान कर दिया गया है। साथ ही संबंधित कंपनी को पांच मार्च से पहले स्कूलों में सीसीटसीवी स्थापित करने के आदेश दिए गए हैं, जिससे परीक्षा शुरू होने से पहले इन स्कूलों में तीसरी आंख का पहरा रह सके और नकलची छात्र-छात्राओं पर भी नजर रखी जा सके। जानकारी के मुताबिक पांच मार्च से पहले हाई स्कूल बंजार, हाई स्कूल भटका, सीनियर सेकेंडरी स्कूल चकलू, सीनियर सेकेंडरी स्कूल चिल्ली, हाई स्कूल दाड़ू, सीनियर सेकेंडरी स्कूल धरवास, सीनियर सेकेंडरी स्कूल दुर्गेठी, हाई स्कूल ग्रौंडी, सीनियर सेकेंडरी स्कूल हटली, हाई स्कूल काहरी, सीनियर सेकेंडरी स्कूल कियाणी, हाई स्कूल कुनेड़, सीनियर सेकेंडरी स्कूल नड्डल, सीनियर सेकेंडरी स्कूल पुर्थी, हाई स्कूल रान, सीनियर सेकेंडरी स्कूल रखेड़, सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेई, सीनियर सेकेंडरी स्कूल समलेऊ, सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेंचूनाला सहित हाई स्कूल सुराल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। वार्षिक परीक्षाओं से पहले सीसीटीवी कैमरे स्थापित होने हैं। हालांकि, विभाग की ओर से बजट के मुताबिक पहले भी स्कूलों में सीसीटीवी लगा दिए हैं, लेकिन करीब बीस के स्कूल शेष रह गए थे। इन स्कूलों के लिए बजट का प्रावधान करने के बारे में निदेशालय को प्रस्ताव भेजा गया था। निदेशालय ने इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बजट का प्रावधान कर दिया है। कंपनी पांच मार्च से पहले इन स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करेगी।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र पॉल ने कहा कि शेष स्कूलों में सीसीटीवी लगाने के लिए निदेशालय की ओर से कंपनी को आदेशित कर दिया है। कहा कि पांच मार्च से पहले इन स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित हो जाएंगे।