चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में मंगलवार को मिंजर मेला क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मुख्यातिथि को आयोजन समिति ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों से परिचय किया और उनका उत्साह बढ़ाया। पहला मुकाबला खज्जियार और चनेड़ के बीच खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चनेड़ की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 106 रन बनाए। इसमें सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खज्जियार की टीम 71 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। चनेड़ की टीम ने यह मैच 35 रनों से जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। मंगलवार को प्रतियोगिता का प्रतियोगिता में जिले भर से करीब साठ टीमें भाग लेंगी।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 28 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि मौजूद एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने कहा कि खेलकूद गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने से व्यक्ति स्वस्थ और तंदुरुस्त रहता है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता मिंजर मेले के उपलक्ष्य पर करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि खेलों को अनुशासन में रहकर खेलना चाहिए।