गैहरा में न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी यूनियन की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
- फोटो : Chamba
चंबा। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी यूनियन खंड गैहरा की बैठक हुई। इसमें खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी गैहरा प्रेेम लाल शर्मा बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। बैठक में जिलाध्यक्ष सुनील जरयाल विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि और विशेषातिथि को सम्मानित किया। बैठक में फैसला लिया कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए 11 दिसंबर को चंबा से 4500 कर्मचारी 11 दिसंबर को तपोवन में होने जा रही रैली में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि 15 मई 2003 को सरकार ने हिमाचल के नवनियुक्त कर्मचारियों को एनडीएसएल कंपनी के हाथों सुपुर्द कर दिया था।
उस समय सभी कर्मचारियों को ये कह कर ठगा गया कि मौजूदा कर्मचारियों से ज्यादा पेंशन मिलेगी और 10 प्रतिशत सभी कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से ही मिलना शुरू हो जाएगा। मगर अब उन्हें पता चला है कि न्यू पेंशन स्कीम की अपेक्षा पुरानी पेंशन योजना कर्मचारी हित में है। उन्होंने बताया कि न्यू पेंशन स्कीम में कई खामियां हैं। इससे भविष्य में कर्मचारियों को दिक्कतें पेश आएंगी।
उन्होंने हैरानी जताई है कि चुनाव जीत कर आने वाले नेता को आजीवन पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है। कड़ी मेहनत से शिक्षा ग्रहण करने और कड़ी मेहनत से नौकरी हासिल करने वाले कर्मचारी को पुरानी पेंशन योजना से बाहर कर दिया है। जिलाध्यक्ष सुनील जरयाल ने बताया कि जब तक पुरानी पेंशन योजना की सौगात कर्मचारियों को नहीं मिलेगी। तब तक उनका आंदोलन क्रियान्वित रहेगा।