चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा में तैनात निजी सिक्योरिटी गार्ड भी अब पुलिस जवानों की तरह प्रशिक्षित होंगे। निजी सिक्योरिटी में तैनात कर्मचारियों को पुलिस प्रशिक्षण संस्थान डरोह में बाकायदा इस बाबत प्रशिक्षण मिलेगा। पुलिस अधीक्षक चंबा द्वारा निजी सिक्योरिटी के कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने बारे निर्देश जारी किए गए हैं। सिक्योरिटी गार्डों को प्रशिक्षण के दौरान वेतनमान भी मिलता रहेगा।
गौरतलब हो कि मेडिकल कॉलेज चंबा में जेके इंटरप्राइजिज लिमिटेड कंपनी द्वारा 90 सिक्योरिटी गार्डों को तैनात किया गया है। ये गार्ड मेडिकल कॉलेज के प्रथम तल से चतुर्थ तल तक सेवारत होने के बजाए, एमएस कार्यालय, सीएमओ कार्यालय, न्यू ओपीडी भवन, दरबार हाल के पुराने भवन, प्रशिक्षु चिकित्सकों के हॉस्टलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। गार्डों को सुबह और रात के समय ड्यूटी देने की एवज में कंपनी प्रबंधन द्वारा मानदेय भी प्रदान किया जाता है। अब अप्रशिक्षित गार्डों को पुलिस जवानों की भांति प्रशिक्षण दिया जाएगा। पीटीसी डरोह में गार्ड लेफ्ट-राइट सीखेंगे। कंपनी प्रबंधन के सूत्रों की मानें तो पुलिस अधीक्षक चंबा द्वारा कंपनी प्रबंधन को निर्देश जारी किए गए हैं कि अप्रशिक्षित सिक्योरिटी गार्डों को डरोह में प्रशिक्षण दिया जाए। प्रथम चरण में मेडिकल कॉलेज चंबा में तैनात 13 गार्डों को डरोह में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण उपरांत प्रमाणपत्र भी मिलेगा।
पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह में प्रशिक्षण लेने वाले सिक्योरिटी गार्ड को चार हजार रुपये जमा करवाने होंगे। इसकी एवज में गार्डों को शूज, ट्रैकसूट सहित अन्य कपड़े भी मिलेंगे।
भूतपूर्व सैनिकों, एसएसबी, एनसीसी के जवानों को पुलिस प्रशिक्षण संस्थान डरोह में प्रशिक्षण नहीं करना पड़ेगा। जेके इंटरप्राइजिज लिमिटेड कंपनी के एमडी राजेश पठानिया ने बताया कि जब सिक्योरिटी के लिए कोई कंपनी आवेदन करती है तो उनके समक्ष ये शर्त रखी जाती है कि सिक्योरिटी गार्ड के पास प्रशिक्षण संबंधी प्रमाणपत्र होना चाहिए। बहरहाल, इसी के चलते मेडिकल कॉलेज चंबा में तैनात गार्डों को पीटीसी डरोह में प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा।
निजी सिक्योरिटी गार्डों को पीटीसी डरोह देंगे प्रशिक्षण
पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि मेडिकल कॉलेज चंबा में तैनात निजी सिक्योरिटी गार्डों को पीटीसी डरोह में प्रशिक्षण करना होगा। जिसके लिए बाकायदा कंपनी ने पग बढ़ा दिए हैं।