अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। विलेज एजुकेशन रजिस्टर के तहत ब्योरा न भेजने पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा को अंतिम रिमाइंडर भेजा है। निदेशालय की ओर से रिमाइंडर जारी कर आगामी 24 घंटों के भीतर ब्योरा निदेशालय मंगवाया गया है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यदि प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा इस मामले में लेटलतीफी बरतता है तो इसके लिए विभाग स्वयं जिम्मेदार होगा।
विलेज एजुकेशन रजिस्टर के तहत विभाग ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को तीस दिसंबर को ब्योरा जमा करवाने के निर्देश दिए थे। इसके बारे में निर्देश जिले के समस्त 15 शिक्षा खंडों को जारी किए गए थे। हैरानी की बात है कि अभी तक मात्र दो ही खंड मैहला-1 और चुवाड़ी से ब्योरा दिया गया है। जबकि, अन्य 13 खंडों से यह जानकारी नहीं पहुंची है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा की ओर से ब्योरा न भेजने पर निदेशालय की ओर से अंतिम रिमाइंडर जारी किया गया है। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजीव पुरी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अंतिम रिमाइंडर विभाग के पास पहुंचा है। 24 घंटे का समय खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को दिया गया है।