मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण चंबा में जल्द ही शुरू हो सकता है। सरकार ने निर्माण कार्य के लिए 30 करोड़ रुपये की शुरूआती राशि जारी कर दी है। साथ ही राजस्व विभाग को जमीन की पैमाइश के भी निर्देश दिए हैं।
इस सिलसिले में शुक्रवार मेडिकल कॉलेज चंबा के प्रिंसिपल अनिल औहरी ने राजस्व विभाग कर्मचारियों के साथ मिलकर सरोल में कॉलेज के लिए चयनित भूमि का मुआयना किया। जिसके बाद कॉलेज प्रिंसिपल ने जमीन की पैमाइश के लिए भी आवेदन दाखिल कर दिया है। जमीन की पैमाइश पूरी होने के बाद निर्धारित स्थल पर मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। उम्मीद लगाई जा रही है कि यह निर्माण कार्य आगामी तीन सालों में पूरा कर लिया जाएगा।
निर्माण कार्य चलते रहने के दौरान अगले साल से शुरू होने वाले चंबा के मेडिकल कॉलेज की कक्षाएं अखंड चंडी महल में लगेंगी। जिसके लिए महल में रंगरोगन का काम शुरू हो गया है। इसके साथ ही एमसीआई का पत्र भी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को मिल चुका है। इस पत्र में एमसीआई की टीम के दिसंबर में चंबा आने की बात कही गई है। अब मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को दिसंबर तक चंबा अस्पताल समेत अन्य व्यवस्थाओं को एमसीआई की स्वीकृति लायक बनाना होगा ताकि एमसीआई की टीम कोई आपत्ति न दर्ज करवा सके।
दिसंबर तक चाहिए 25 प्रतिशत स्टाफ
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल औहरी ने बताया कि एमसीआई की टीम के चंबा दौरे से पूर्व 25 प्रतिशत स्टाफ की तैनाती समेत अन्य जरूरतें पूरी करनी होंगी। जिसमें आपातकालीन कक्ष को दस बिस्तरों तक बढ़ाना और दो आईसीयू स्थापित करने समेत अस्पताल में 50 बेड का आईसीयू व लैब स्थापित करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के आदेश जारी हो गए हैं। उम्मीद है जल्द ही तैनाती भी हो जाएगी।