सिहुंता (चंबा)। लंबे समय से बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। उपमंडल सिहुंता के तहत 271 उपभोक्ताओं को बोर्ड ने नोटिस जारी किए हैं। साथ ही 15 दिन के भीतर बिजली बिल जमा करवाने के आदेश दिए हैं। अगर उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक इन उपभोक्ताओं से करीब पांच लाख सैंतालीस हजार उनहत्तर रुपये की राशि बोर्ड ने वसूलनी है। इस सूची में कुछ सरकारी विभाग भी शामिल हैं। इन स्कूल प्रबंधकों ने भी बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है। ऐसे में बोर्ड की दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। हालांकि, बिजली बोर्ड ने इससे पहले कई बार उपभोक्ताओं को बिल जमा करवाने के निर्देश दिए लेकिन उपभोक्ताओं ने इस पर अमल नहीं किया। बहरहाल अब बोर्ड कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। नोटिस जारी कर इन उपभोक्ताओं को 15 दिन की मोहलत दी गई है।
विद्युत उपमंडल सिहुंता के सहायक अभियंता रमणीक सिंह ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 271 विद्युत उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। कहा कि अस्थायी तौर पर कनेक्शन कटने के बाद बिजली की बहाली के लिए ढाई सौ रुपये की अतिरिक्त फीस जमा करवानी होगी।