सलूणी (चंबा) बाल विकास परियोजना अधिकारी सलूणी द्वारा विभिन्न पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी सहायिका के 26 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ये रिक्तियां मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों के मुख्य केंद्रों में उन्नयन होने के उपरांत उत्पन्न हुई हैं।
इन पदों के लिए वही महिला उम्मीदवार पात्र होगी, जो संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के लाभान्वित क्षेत्र (फीडिंग एरिया) की स्थायी निवासी हों। उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10 और जमा दो उत्तीर्ण निर्धारित की गई है।
परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक पात्र महिलाएं अपने समस्त प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियों सहित 23 जनवरी 2026 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी सलूणी के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकती हैं। वॉक-इन-इंटरव्यू की स्थिति में साक्षात्कार वाले दिन सुबह 10 बजे तक प्राप्त आवेदनों को भी मान्य किया जाएगा। साक्षात्कार उपमंडलाधिकारी सलूणी के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे, जिसकी तिथि अलग से घोषित की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, सामाजिक श्रेणी (अनुसूचित जाति/जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग), दिव्यांगता, विधवा, अनाथ, परित्यक्ता और दो-बेटी परिवार जैसी श्रेणियों को सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। साक्षात्कार के अधिकतम 8 अंक निर्धारित किए गए हैं और कुल चयन 25 अंकों के आधार पर किया जाएगा।
सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय के अनुसार वर्तमान में आंगनबाड़ी सहायिका को 5800 रुपये प्रतिमाह मानदेय देय होगा। आवेदन के साथ हिमाचली प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर नकल और फीडिंग एरिया से संबंधित प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
इन केंद्रों में भरे जाएंगे पद
आंगनबाड़ी केंद्र भेंट, संघनेड, कैंथली, बंजवाड़, पुखरोग, हुल्लर, पुन्ना, गोसा, लोथली, लिग्गा, रोलका, कटारा, कूंहड, अनोणा, कासनी, मंडलेई, डंडी, कोटला, जियूड, सराएं, नगाली, कन्हार, नघनोटी, खंडयारू और खंगू सगबाडी में आंगनबाड़ी सहायिका के पद भरे जाएंगे।