चंबा। शातिरों ने रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर तीन युवाओं से 24 लाख की ठगी की है। एक आरोपी को पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक यह मामला काफी पुराना है। शिकायतकर्ता युवाओं का कहना है कि आरोपी उन्हें नौकरी दिलवाने का आश्वासन देकर उनसे राशि ऐंठते रहे।
शातिरों ने बकलोह क्षेत्र से संबंधित तीनों युवाओं से रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर आठ-आठ लाख रुपये ले लिए थे लेकिन, पिछले कुछ समय से शातिर इन युवाओं से बात नहीं कर रहे थे। इसके चलते युवाओं को अपने साथ ठगी होने का आभास हुआ। जब वे बार-बार इनको फोन करने लगे तो उन्होंने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। इसको लेकर युवाओं ने पुलिस चौकी बकलोह में अपनी शिकायत दर्ज करवाई। इसमें उन्होंने पुलिस को बताया कि शातिरों ने उन्हें नौकरी के नाम से किस प्रकार बेवकूफ बनाया।
पुलिस ने युवाओं की शिकायत पर जांच शुरू की। दो दिन पहले पुलिस ने गुरदासपुर में दबिश देकर एक शातिर को दबोचने में सफलता हासिल की। उसके अन्य साथियों को तलाशने का अभियान जारी है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने पर पांच दिन की पुलिस रिमांड मिली है। डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस इस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।