अमर उजाला ब्यूरो
पांगी (चंबा)। आवासीय आयुक्त पांगी कार्यालय के बाहर पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल शुरू करने से पहले पंचायत प्रतिनधियों ने एसडीएम पांगी को एक ज्ञापन भी सौंपा। क्रमिक भूख हड़ताल पर किलाड़ की प्रधान सुनीता कुमारी, हुडान की प्रधान बिमला कुमारी, हुडान वार्ड पंच ममता कुमारी, बीडीसी कमला कुमारी, सेचू की प्रधान चंचला कुमारी, शूण की प्रधान शिव दासी, लूज की प्रधान अंजना नेगी, बीडीसी अनीता, वार्ड पंच शिला कुमारी बैठी हैं।
बीडीसी अध्यक्ष योग राज ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि पांगी घाटी से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के लिए हड़ताल पर बैठे हैं। पांगी में लोगों को टीडी की इमारती लकड़ी नहीं मिल रही है। घाटी के लोगों को घरेलू रसोई गैस की सब्सिडी नहीं मिल रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किलाड़ में प्रसूति व बाल रोग विशेषज्ञों तथा लैब टेक्नीशियनों की तैनाती की जाए। कृषि व बागवानी विभाग से किसानों व बागवानों को गुणवत्ता पूर्ण बीज, दवाइयां, औजार दिए जाएं। इसके अलावा घाटी की सभी कच्ची सड़कों को शीघ्र पक्का किया जाए। मनरेगा कार्यों में मिल रही शिकायतों का जल्द निदान किया जाए। पांगी में नेटवर्क की काफी समस्या है। इसके लिए घाटी में कम से कम बीएसएनएल के चार नए टावर लगाए जाएं। इसके अलावा कहडूूूूनाला से संसारी तक सड़क की खस्ताहालत को जल्द ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, हड़ताल जारी रहेगी। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधि आमरण अनशन तक करने को तैयार हैं।
उधर, एसडीएम पांगी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पंचायत प्रतिनिधियों का मांग पत्र सरकार को भेज दिया गया है। प्रशासनिक स्तर की मांगों को शीघ्र पूरा किया जाएगा।