पठानकोट भरमौर नेशनल हाईवे पर हरदासपुरा के पास संकीर्ण सड़क परेशानी
करीब पांच साल पहले पूर्व विधायक पवन ने किया करवाया था संयुक्त निरीक्षण
इस मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों से की जाएगी बातचीत : प्रियांशु
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर हरदासपुरा के समीप करीब 200 मीटर सड़क काफी संकीर्ण है। हैरानी की बात है कि सरकार की ओर से इसे नेशनल हाईवे का दर्जा दिया गया है मगर यहां हालात बेहद खराब हैं।
एक तरफ सड़क संकीर्ण है, दूसरी तरफ सड़क के किनारे बनीं नालियां नाले का रूप लेती जा रही हैं। इस मार्ग पर कई बार रात के समय ट्रक नालियों में फंस चुके हैं। फंसे हुए ट्रकों को मशीन के जरिये निकाला गया था।
जानकारी के अनुसार करीब पांच साल पहले पूर्व विधायक पवन नैय्यर ने हाईवे के इस हिस्से के सुधारीकरण के लिए प्रयास शुरू किए थे। अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त निरीक्षण भी किया था मगर निरीक्षण के बाद आज दिन तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हो पाई है। हाईवे का यह हिस्सा नगर परिषद के दायरे में आता है। ऐसे में शहरी एरिया में ही संकीर्ण सड़क वाहन चालकों की दिक्कतें बढ़ाती आ रही है। इस बारे में प्रशासन और प्राधिकरण की ओर से कोई उचित पहल नहीं की जा रही है। बहरहाल, वाहन चालक खासे परेशान हो रहे हैं।
गौरतलब है कि करीब 11 साल पहले इस मार्ग को हाईवे का दर्जा मिला था लेकिन सड़क का यह हिस्सा अब तक चौड़ा नहीं हो पाया है। इससे यहां जाम की समस्या भी आम रहती है। साथ ही बारिश के दिनों यहां पानी एकत्रित हो जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों समेत राहगीरों को खासी परेशानियां होती हैं।
यहां अड़ा है पेंच
बताया जा रहा है कि हाईवे के इस हिस्से के सुधारीकरण का कार्य सड़क किनारे लगे बिजली पोल और सीवरेज लाइनों की वजह से अटका है। इसके लिए तीन विभागों को संयुक्त रूप से कार्य करना होगा।
एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले को लेकर संयुक्त निरीक्षण करवाया जाएगा। हाईवे का सुधारीकरण जल्द करवाने के प्रयास किए जाएंगे।