चंबा। भरमौर में हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट कारपोरेशन चंबा की ओर से आयोजित 27 दिवसीय खड्डी प्रशिक्षण का समापन हो गया। इसमें क्षेत्र की 20 युवतियों और महिलाओं ने भाग लेकर पारंपरिक खड्डी पर शॉल बनाने का हुनर सीखा।
प्रतिभागियों को प्रतिदिन 400 रुपये का भत्ता भी प्रदान किया गया। कारपोरेशन के प्रभारी शीतल कुमार ने बताया कि इस केंद्र को खोलने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को पारंपरिक शॉल निर्माण की बारीकियां सिखाई गई हैं ताकि वे भविष्य में स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें और अपनी आजीविका को सशक्त बना सकें। कार्यक्रम के समापन पर यह भी बताया गया कि इस तरह के प्रशिक्षण केंद्र जल्द ही अन्य गांवों में भी खोले जाएंगे जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। संवाद