शाली में पेयजल किल्लत संकट
पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से नहीं पहुंच रहा पानी, आईपीएच से लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। हरतवास पंचायत के शाली गांव में इन दिनों लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह यह है कि गांव को पानी मुहैया करवाने वाली पेयजल लाइन के पाइप सड़ चुके हैं। जगह-जगह लीकेज होने से गांव के लिए पानी ही नहीं पहुंच रहा हैं। इससे नलों में पानी बहुत कम मात्रा पहुंच रहा है। ज्यादातर पानी बीच रास्ते ही बरबाद होकर बह जाता है। इसकी वजह से गांव वासी काफी परेशान है।
ग्रामीण टेक चंद, रवि कुमार, हंसराज, केवल कुमार, जितेंद्र, रजनीश, अशोक कुमार, देवी प्रसाद और नारायण सिंह ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से पेयजल किल्लत चल रही है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है। नलों में पानी का प्रेशर इतना कम होता है कि लोग गिने चुने बर्तन ही भर पाते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और आईपीएच विभाग से मांग की कि पेयजल लाइन की सड़ी और क्षतिग्रस्त पाइपों को जल्द ठीक करवाया जाए। कनिष्ठ अभियंता भगत राम ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला अभी लाया गया है। जल्द ही क्षतिग्रस्त पाइपों को बदला जाएगा। ताकि गांव में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो।