चंबा। विकास खंड मैहला के तहत ग्राम पंचायत कूंर में बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं न होने पर ग्रामीणों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदेश सरकार और प्रशासन से नाराज उपप्रधान सहित ग्रामीण उपायुक्त कार्यालय के समीप दो दिन की भूख हड़ताल पर बैठी हैं। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान सुदेश कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार ने यहां जमा दो तक स्कूल का दर्जा बढ़ा दिया है। मगर यहां स्कूल में स्टाफ की तैनाती नहीं की है।
इसके चलते स्कूली छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से छात्र-छात्राएं बेहतर शिक्षा से महरूम है। वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ न होने के चलते लोगों को इलाज के लिए साठ किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है।
पंचायत उपप्रधान सुदेश कुमार ने बताया कि इस मामले को लेकर वह कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं। मगर अभी तक मांगों को पूरा नहीं किया गया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है।
हड़ताली ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि अगर सरकार ने जल्द कोई सकारात्मक पहल नहीं की जाती है तो वह आंदोलन को ओर तेज करेंगे। दो दिवसीय भूख हड़ताल में हरिनाथ, नेकराज, नीतू राम, केसरो देवी और छोटू राम मौजूद रहे।