चंबा। विकास खंड मैहला के तहत ग्राम पंचायत ब्रेही के तहत तीन गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा है। इसके चलते ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले आठ माह से गांवों में पानी की किल्लत चल रही है। इस बारे में विभाग को कई बार अवगत करवाया गया है। मगर अभी तक विभाग की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है। जानकारी के अनुसार पंचायत के गांव गदियाड़ा, कुगेठी, फाट और प्राइमरी स्कूल गदियाडा में पानी की आपूर्ति ठप है। गांवों में करीब तीन सौ आबादी गुजर बसर कर रही है।
पानी के अभाव में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण अमर सिंह, उत्तम चंद, गुड्डू, दर्शन कुमार, राम सिंह, गोपाल सिंह, काकू राम, नरेंद्र कुमार, दलीप कुमार, रोशन लाल, परमेश कुमार, रत्न चंद, करतार सिंह, उमेश कुमार, उत्तम दास और रवि कुमार ने बताया कि पानी न होने के चलते उन्हें प्राकृतिक स्रोत फरकानी से पानी ढोना पड़ रहा है। इसके चलते ग्रामीणों का अधिकतर समय पानी ढोने में ही बीत जाता है।
कई बार आग्रह करने के बावजूद विभाग ने समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की कि जल्द पानी की आपूर्ति बहाल की जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।